रायगढ़। प्रतिवर्ष शहीद नंदकुमार पटेल जी की जयंती के अवसर पर रायगढ़ विश्वविद्यालय द्वारा कुल उत्सव का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में वर्ष 2026 के कुल उत्सव हेतु विश्वविद्यालय द्वारा संबद्ध चार जिलों रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के महाविद्यालयों में त्रिस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसका अंतिम चरण रायगढ़ के अग्रणी महाविद्यालय किरोड़ीमल शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, रायगढ़, शासकीय पी.डी. वाणिज्य एवं कला महाविद्यालय, रायगढ़ और शासकीय के.एम.टी. कन्या महाविद्यालय, रायगढ़ में क्रमशः निबंध-चित्रकला, लोकनृत्य और भाषण प्रतियोगिताओं के रूप में आयोजित हुआ। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य समारोह में सम्मानित किया गया।
शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय परिसर में 31 अक्टूबर को आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि शिल्पकला राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त श्रीमती धनमती झोरका रहीं। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. दीपक पांडेय (सहायक निदेशक, केंद्रीय हिंदी निदेशालय, नई दिल्ली), डॉ. मोना कौशिक (बुलगारिया से) और स्नेहा ठाकुर (कैनेडा से) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय चौहान जी ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपुरुष शहीद नंदकुमार पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों के स्वागत उपरांत कुलपति महोदय द्वारा स्वागत उद्बोधन दिया गया। तत्पश्चात आयोजन के मुख्य वक्ता भोजराम पटेल (रासेयो कार्यक्रम अधिकारी, तारापुर विद्यालय) जी द्वारा शहीद नंदकुमार पटेल जी के व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान विषय पर व्याख्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि नंदकुमार पटेल जी का व्यक्तित्व इतना विराट और व्यापक था कि वे चलते-फिरते विश्वविद्यालय थे। आज उनके नाम से अगर क्षेत्र में विश्वविद्यालय संचालित है, तो यह रायगढ़ की एक बड़ी उपलब्धि है।
मुख्य वक्ता के उद्बोधन के पश्चात सांस्कृतिक नृत्यों की प्रस्तुति हुई। नृत्यों की प्रस्तुति देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हुए, साथ ही अतिथियों ने भी इसकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। साहित्यिक और सांस्कृतिक विधाओं के विजेताओं तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के चयनित उत्कृष्ट स्वयंसेवकों और श्रेष्ठ संस्थाओं को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार राशि के चेक के साथ पुरस्कृत किया गया।
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के विजेता
भाषण प्रतियोगिता
- प्रथम – रूचि दहरिया
- द्वितीय – ममता साहू
- तृतीय – संतोषी चौहान
निबंध प्रतियोगिता
- प्रथम – रूपनारायण राठिया
- द्वितीय – सुनंदा राठिया
- तृतीय – कृष्णा
चित्रकला प्रतियोगिता
- प्रथम – मेघा साहू
- द्वितीय – शुभांगी रात्रे
- तृतीय – आयुषी साहू
सामूहिक लोकनृत्य
- प्रथम – नवीन शासकीय महाविद्यालय, कुसमुरा
- द्वितीय – डॉ. भंवर सिंह पोर्ते कला एवं विज्ञान महाविद्यालय, घरघोड़ा
- तृतीय – शासकीय क्रांतिकुमार भारतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सक्ती
साथ ही राष्ट्रीय सेवा योजना की उत्कृष्ट इकाई के रूप में शासकीय डॉ. इंद्रजीत सिंह महाविद्यालय, अकलतरा जिला-जांजगीर-चांपा (छ.ग.) एवं श्री ऋषभ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बनाहिल अकलतरा जिला-जांजगीर-चांपा (छ.ग.) को सम्मानित किया गया।
वहीं उत्कृष्ट स्वयंसेवक के रूप में मासूम भारद्वाज, सुमित, चंद्रमणि मालाकार, आयुषी साहू, श्रुति निर्मलकर, उषा पटेल एवं रोहन यादव को सम्मान राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन के समापन में विश्वविद्यालय द्वारा मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और मुख्य वक्ता को शॉल, श्रीफल के साथ स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कुलसचिव विनोद कुमार एक्का जी ने सभी का आभार प्रदर्शन किया। संपूर्ण आयोजन का संचालन और संयोजन कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रविंद्र चौबे ने किया।

▶
▶
▶
▶