रायपुर। राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026’ समारोह संपन्न होने के साथ ही बड़े विवादों में घिर गया है। राज्य शासन (जनसंपर्क संचालनालय) की पहल पर पहली बार आयोजित इस भव्य समारोह के बाद प्रदेश भर के कई डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर चयन प्रक्रिया में भारी धांधली, पक्षपात और अव्यवस्थाओं के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वोटिंग के आंकड़े छिपाने और 'सेटिंग' का आरोप
समारोह के बाद सामने आए वीडियो में कई क्रिएटर्स ने ऑनलाइन पब्लिक वोटिंग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं। प्रतिभागियों का कहना है कि उन्होंने और उनके समर्थकों ने दिन-रात मेहनत कर ऑनलाइन वोटिंग करवाई, लेकिन परिणाम घोषित करते समय पारदर्शिता नहीं बरती गई और न ही वोटों के अंतिम आंकड़े सार्वजनिक किए गए। कई क्रिएटर्स ने दावा किया है कि वोटिंग में शीर्ष (रैंक-1) पर रहने के बावजूद अंतिम समय में उनका नाम सूची से हटा दिया गया और कम वोट पाने वालों को विजेता घोषित कर दिया गया।
लिस्ट से बाहर के लोगों को सम्मान, विरोध में फाड़े सर्टिफिकेट
विवाद इतना बढ़ गया कि कई नाराज क्रिएटर्स ने आयोजन समिति पर 'सेटिंग' कर अपने चहेतों को अवॉर्ड देने का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप अपने सर्टिफिकेट तक फाड़ दिए। क्रिएटर्स का यह भी आरोप है कि मंच पर कई ऐसे लोगों को भी सम्मानित किया गया, जिनका नाम न तो नॉमिनेशन में था और न ही वोटिंग लिस्ट में। इसके अलावा समारोह स्थल पर भोजन की कमी और अव्यवस्थाओं को लेकर भी प्रतिभागियों में भारी रोष देखा गया।
मुख्यमंत्री ने किया था संवाद, विपक्ष ने साधा निशाना
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए थे, जहां उन्होंने युवा क्रिएटर्स से पॉडकास्ट शैली में संवाद कर उन्हें राज्य का 'डिजिटल ब्रांड एंबेसडर' बताया था। इस समारोह में 16 मुख्य और 46 उपश्रेणियों में 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि रखी गई थी। हालांकि, अब विवाद तूल पकड़ने के बाद राजनीति भी गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस मामले में प्रतिक्रिया देते हुए आयोजन में 'वोट चोरी' और सेटिंग होने के आरोप लगाए हैं।
फिलहाल सोशल मीडिया पर क्रिएटर्स का विरोध जारी है और पूरे मामले में आयोजकों की ओर से आधिकारिक स्पष्टीकरण का इंतजार किया जा रहा है।
चूंकि इस विवाद पर आयोजकों या प्रशासन का आधिकारिक बयान आना अभी बाकी है।

▶
▶
▶
▶