एग्री स्टैक से गिरदावरी तक किसानों की बढ़ी मुश्किलें, अब धान बिक्री को लेकर भी उठ रहे सवाल; किसान नेता ने जताई नाराजगी, जल्द कलेक्टर से करेंगे मुलाकात
पिथौरा। किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। कभी एग्री स्टैक के नाम पर किसानों को परेशान होना पड़ा, तो कभी गिरदावरी रिपोर्ट के आधार पर कई किसानों के रकबे में कटौती कर दी गई। अब स्थिति ऐसी बनती जा रही है कि किसान अपने ही खेत में धान उगाकर उसे बेचने के बाद भी संदेह के घेरे में आ रहे हैं। किसानों को बार-बार यह साबित करना पड़ रहा है कि उन्होंने अपने खेत का ही धान बेचा है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर किसानों को कब तक इस तरह की परेशानियों से गुजरना पड़ेगा?
किसानों का कहना है कि खेती-किसानी करना पहले ही आसान नहीं है। खाद, बीज, मजदूरी, सिंचाई और मौसम की चुनौतियों के बीच किसान किसी तरह अपनी फसल तैयार करता है। इसके बाद धान बेचने के लिए सरकारी प्रक्रियाओं से गुजरता है। लेकिन धान बेचने के बाद भी यदि किसान को बार-बार जांच, पंचनामा और आरोपों का सामना करना पड़े, तो यह मानसिक परेशानी का कारण बन रहा है।
पहले एग्री स्टैक, फिर गिरदावरी और अब धान बिक्री पर सवाल
इस स्थिति पर किसान नेता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले एग्री स्टैक के नाम पर किसानों को परेशान किया गया। इसके बाद गिरदावरी रिपोर्ट के नाम पर कई किसानों के रकबे में कटौती की गई। अब जब किसान अपने खेत का धान बेच रहे हैं, तब भी कुछ लोगों द्वारा आपसी दुश्मनी निकालने के लिए किसानों पर आरोप लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान का किसी व्यक्ति विशेष से विवाद है, तो उसकी नाराजगी का बदला किसान की खेती और धान बिक्री के मामले में निकालना उचित नहीं है। किसान अपने खेत में मेहनत करके धान उगाता है और उसे बेचता है। इसके बावजूद उसे संदेह के घेरे में खड़ा करना और उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास करना दुर्भाग्यपूर्ण है।
किसान नेता ने कहा कि किसानों को इस तरह प्रताड़ित करना ठीक नहीं है। जल्द ही कलेक्टर महोदय से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान किए जाने पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।
15 दिन पहले हो चुकी थी धान की कटाई, 19 तारीख को बेचा धान : नरेश ठाकुर
किसान नरेश ठाकुर ने बताया कि उनके खेत में लगभग 8 से 9 एकड़ की धान की कटाई करीब 15 दिन पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने 19 तारीख को अपना धान बेचा है। इसके बावजूद किसानों को लेकर इस तरह के आरोप लगाए जाना समझ से परे है। जब किसान अपने खेत में धान उगाकर अपनी उपज बेच चुका है, तो फिर बार-बार संदेह और सवाल खड़े करने का क्या औचित्य है?
मां सरपंच हैं, इसलिए आपसी रंजिश में लगाए जा रहे आरोप : सौरभ राज सिंह दीवान
मामले में सौरभ राज सिंह दीवान ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उनके खेत का धान बेचा जा चुका है। इसके बावजूद उनकी मां के सरपंच होने के कारण आपसी रंजिश के चलते आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी मां आदिवासी महिला हैं और ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। कुछ लोगों को एक महिला के सरपंच पद पर होने से परेशानी है, जिसके चलते व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
सौरभ राज सिंह दीवान ने बताया कि वह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि वह अपनी मां के खेत में भी हिस्सेदार हैं और उनका परिवार एक साथ रहता है। उनके खेत से लगभग 10 एकड़ का धान निकला था, जिसे बेच दिया गया है। इसके बावजूद बार-बार जांच और पंचनामा कराकर उन्हें ही यह साबित करना पड़ रहा है कि धान उन्होंने बेचा है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब हम अपने खेत में धान उगाते हैं, परिवार के साथ खेती करते हैं और अपनी उपज बेच भी देते हैं, तो फिर बार-बार हमें ही यह साबित क्यों करना पड़ रहा है कि धान हमारा है और हमने ही बेचा है? एक किसान के लिए इससे बड़ी परेशानी और क्या हो सकती है?
ग्रामीणों ने कहा- सरपंच गांव के हित में कर रही हैं काम, कुछ लोग हर कार्य में करते हैं हस्तक्षेप
वहीं ग्राम भुरकोनी के ग्रामीणों से जब इस पूरे मामले को लेकर चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि गांव की सरपंच ग्राम हित को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव में कुछ लोगों द्वारा पहले भी पंचायत के कार्यों सहित अन्य मामलों में लगातार हस्तक्षेप किया जाता रहा है। यहां तक कि गांव के सामान्य कार्यों में भी अनावश्यक दखल दिया जाता था।
ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे कुछ लोगों के खिलाफ पूर्व में पुलिस में शिकायत और मामला भी दर्ज कराया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में इन लोगों द्वारा अक्सर लड़ाई-झगड़े की स्थिति निर्मित की जाती रही है। ग्रामीणों के अनुसार उन्हीं लोगों द्वारा अब किसी न किसी तरह सरपंच को विवादों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के कार्यों को लेकर यदि किसी को आपत्ति है तो उसे नियमानुसार अपनी बात रखनी चाहिए, लेकिन व्यक्तिगत विवादों के कारण गांव के विकास कार्यों और किसानों को प्रभावित करना उचित नहीं है।
किसानों को सुविधा देने के बजाय जांच और आरोपों में उलझाया जा रहा?
इस पूरे मामले ने धान खरीदी व्यवस्था और किसानों के साथ हो रही कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि यदि किसी मामले में अनियमितता की शिकायत मिलती है तो प्रशासन को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए, लेकिन जांच के नाम पर किसी निर्दोष किसान को बार-बार परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
विशेषकर तब, जब किसान अपनी उपज बेच चुका हो और उसके पास खेती तथा धान बिक्री से संबंधित जानकारी उपलब्ध हो। व्यक्तिगत विवादों को सरकारी जांच का माध्यम बनाकर किसी किसान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है।
कलेक्टर से मुलाकात कर उठाएंगे किसानों की आवाज
किसान नेता ने स्पष्ट किया है कि इस पूरे मामले को लेकर जल्द ही कलेक्टर से मुलाकात की जाएगी। प्रशासन से मांग की जाएगी कि किसानों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो तथा आपसी रंजिश के चलते किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जो किसान अपने खेत में धान उगाकर खुद बेच रहा है, उसे बार-बार अपनी ही फसल का मालिक और विक्रेता साबित क्यों करना पड़ रहा है? आखिर खेती करने वाला किसान कब तक सरकारी प्रक्रियाओं और आपसी विवादों के बीच पिसता रहेगा?

▶
▶
▶
▶