रायगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस के “साइबर जागृति अभियान” के तहत रायगढ़ जिले में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के क्रम में भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुरा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मुरा में आयोजित कार्यक्रम में थाना प्रभारी रोशन कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
पुलिस ने विद्यार्थियों को समझाया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और OTP, PIN, पासवर्ड तथा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि सामने आने पर तत्काल परिजनों या पुलिस को जानकारी देने की अपील की गई।
QR कोड स्कैन कर सेल्फी साझा करने की अपील
अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए विद्यार्थियों से घर जाकर QR कोड स्कैन करने और अपनी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील भी की गई, ताकि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
साइबर ठगी का शिकार होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने की स्थिति में समय गंवाए बिना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें।
खास बात: 20 अगस्त को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 1200 छात्र-छात्राओं तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया। मुरा में आयोजित कार्यक्रम भी इसी अभियान का हिस्सा रहा।

▶
▶
▶
▶