शौचालय, शुद्ध पेयजल और निःशुल्क हवा जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने पर प्रशासन सख्त, राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने किया औचक निरीक्षण
रायगढ़। जिले में पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं में लापरवाही बरतने वाले संचालकों के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। निर्धारित नियमों और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की कमी पाए जाने पर जिले के 8 पेट्रोल पंपों का पेट्रोल-डीजल विक्रय आगामी आदेश तक बंद कर सील करने की कार्रवाई की गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से पेट्रोल पंप संचालकों में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 25 नवंबर को राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित पेट्रोल-डीजल पंपों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान शौचालय की स्वच्छता, पेयजल की उपलब्धता, वाहनों में निःशुल्क हवा भरने की सुविधा और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान कई पेट्रोल पंपों में निर्धारित मापदंडों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इन 8 पेट्रोल पंपों पर गिरी प्रशासन की गाज
निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जिन पेट्रोल पंपों के खिलाफ विक्रय बंद करने की कार्रवाई की गई है, उनमें अंगुरी पेट्रोलियम, श्री हरि पेट्रोलियम, श्री बजरंग फ्यूल्स, राधाकिशन फ्यूल्स (अंजोरीपाली, खरसिया), नरेंद्र केएसके (राजपुर), एमएस हेमकुण्ड फ्यूल्स (कुरमापाली, रायगढ़), मेसर्स रायगढ़ सिटी फ्यूल्स (जूटमिल, रायगढ़) और बाबा फिलिंग स्टेशन (धरमजयगढ़) शामिल हैं।
बताया गया है कि संबंधित पेट्रोल पंपों में मोटर स्पिरिट एवं हाई स्पीड डीजल (प्रदाय तथा वितरण विनियमन और अनाचार निवारण) आदेश, 2005 तथा एलओआई की शर्तों का उल्लंघन सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पेट्रोल-डीजल के साथ जरूरी सुविधाएं देना भी अनिवार्य
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल पंपों की जिम्मेदारी केवल ईंधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। वहां आने वाले ग्राहकों को आवश्यक नागरिक सुविधाएं देना भी अनिवार्य है। इसके तहत महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग स्वच्छ शौचालय, नियमित साफ-सफाई, बेहतर सैनिटेशन और हाइजीन व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
इसके साथ ही प्रत्येक पेट्रोल पंप में शुद्ध पेयजल, निःशुल्क एयर सुविधा, प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत एवं सुझाव पेटी तथा फोन और आपातकालीन संपर्क की सुविधा उपलब्ध रहनी चाहिए।
तेल कंपनियों और संचालकों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश
जिला प्रशासन ने संबंधित तेल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों को सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सड़क किनारे संचालित पेट्रोल पंपों के एप्रोच एरिया को भी बेहतर बनाने के लिए कहा गया है, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।
निर्देशों के अनुसार, ए-साइट पेट्रोल पंपों में संबंधित तेल कंपनियों तथा बी-साइट पेट्रोल पंपों में डीलर और संचालकों को शौचालय सहित सभी आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
जिले के सभी पेट्रोल पंप प्रशासन की निगरानी में
आठ पेट्रोल पंपों पर हुई इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ कर दिया है कि नागरिक सुविधाओं की अनदेखी करने वाले संचालकों के प्रति किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिले के अन्य पेट्रोल पंपों में भी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता और नियमों के पालन को लेकर जांच एवं निगरानी जारी रहेगी।
अब देखना होगा कि कार्रवाई की जद में आए पेट्रोल पंप संचालक कब तक व्यवस्थाओं में सुधार करते हैं और जिले के अन्य पेट्रोल पंपों में नागरिक सुविधाओं की स्थिति कितनी बेहतर है।

▶
▶
▶
▶