वर्षा से धान बचाने उपार्जन केंद्रों में तिरपाल, ड्रेनेज और स्टैकिंग की व्यवस्था के निर्देश; सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित करने के निर्देश
सारंगढ़-बिलाईगढ़, 25 नवंबर 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करने और लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में SP सुनील शर्मा भी उपस्थित रहे।
धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में चल रही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। संभावित वर्षा को देखते हुए उन्होंने उपार्जित धान को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त तिरपाल, ड्रेनेज और स्टैकिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला स्तरीय एवं नोडल अधिकारियों को नियमित रूप से खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने और अव्यवस्था मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
कलेक्टर ने अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर सतत निगरानी रखने तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
27 नवंबर को बाल विवाह रोकथाम के लिए चलेगा विशेष अभियान
बैठक में बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने और अंतरराष्ट्रीय बाल, अल्पायु एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर 27 नवंबर को जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग सहित संबंधित विभागों को ग्राम स्तर तक शैक्षणिक संस्थाओं, पंचायतों, नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, मैदानी कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्रामसभा आयोजित करने के साथ स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान लोगों को बाल विवाह नहीं करने और बाल विवाह का विरोध करने की सामूहिक शपथ दिलाई जाएगी।
कलेक्टर ने बाल विवाह के दुष्परिणामों और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा 27 नवंबर को अपराह्न 3 बजे विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भारत सरकार के राष्ट्रीय कार्यक्रम का जिला स्तर पर ऑनलाइन प्रसारण सुनिश्चित करने को कहा। अभियान के तहत आयोजित गतिविधियों की तस्वीरें, वीडियो और मीडिया कवरेज निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने तथा समय-सीमा में प्रतिवेदन भेजने के निर्देश भी दिए।
लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर
बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों, आम नागरिकों के आवेदनों और विभिन्न विभागों में लंबित समय-सीमा के प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ ऋषिकेश तिवारी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, एसडीएम डीएस राजपूत, शिक्षा शर्मा सहित अन्य डिप्टी कलेक्टर एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

▶
▶
▶
▶