बुजुर्ग महिला भी हमले की चपेट में आईं, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ घटना का वीडियो
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में दशहरा उत्सव के बाद आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मंगला क्षेत्र में कुछ युवकों पर घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के दौरान महिलाओं और पुरुषों को निशाना बनाया गया। वहीं, विवाद को शांत कराने पहुंची एक बुजुर्ग महिला भी मारपीट की चपेट में आ गईं। इस घटना में दो महिलाओं सहित पांच लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
आपसी विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट का आरोप
पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मंगला इलाके का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, दशहरा उत्सव के बाद कुछ लोगों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ युवक एक घर में घुस गए और वहां मौजूद लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए डंडों से मारपीट करने लगे।
इस दौरान घर में मौजूद महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। बीच-बचाव करने पहुंची बुजुर्ग महिला भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना में दो महिलाओं और तीन युवकों के घायल होने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि आसपास के लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और सुरक्षा की मांग की। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि थाने में उन पर आपसी समझौता कर मामला समाप्त करने का दबाव बनाया गया। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कथित दबाव को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।
वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने और उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की प्रक्रिया में लगी है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और आपसी विवादों को रोकने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

▶
▶
▶
▶